हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार में खनन गतिविधियों को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। क्षेत्र के कई स्टोन क्रशरों में लाखों कुंतल RBM (रेत-बजरी-मिट्टी) के बड़े स्टॉक की बात सामने आ रही है, जिसकी वैधता पर अब सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि लक्सर और बुग्गावाला इलाके के कई क्रशरों में भारी मात्रा में RBM जमा किया गया है। यदि इन क्रशरों में मौजूद स्टॉक की अग्रिम पैमाइश कराई जाए, तो संभावना है कि यह मात्रा जारी रॉयल्टी से कई गुना ज्यादा निकल सकती है।
कुछ समय पहले कलियर क्षेत्र के विधायक ने भी खुले तौर पर आरोप लगाया था कि इलाके में अवैध खनन लगातार जारी है। ऐसे में इस पूरे मामले पर प्रशासन की चुप्पी भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि अगर क्रशरों में जमा RBM का स्टॉक रॉयल्टी के दायरे से बाहर है, तो यह सामग्री आखिर आई कहां से? क्या इसके पीछे अवैध खनन का नेटवर्क काम कर रहा है?
अब सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि संबंधित विभाग क्रशरों में मौजूद RBM के स्टॉक की निष्पक्ष जांच और पैमाइश कर सच्चाई सामने लाता है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह कागजों में ही सिमट कर रह जाएगा।


