कानपुर देहात में आज उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग द्वारा अनुमोदित एवं अधिकृत ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का शुभारंभ किया गया। यह आधुनिक फिटनेस सेंटर जैनपुर इंडस्ट्रियल एरिया में हाईवे पॉइंट के पास, एचपी पेट्रोल पंप के सामने, नेशनल हाईवे (झांसी रोड) पर स्थित है।
इस नए केंद्र के शुरू होने से कानपुर देहात के साथ-साथ कानपुर नगर के वाहन स्वामियों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा आसपास के उन जनपदों के वाहनों को भी सुविधा मिलेगी, जहां अभी तक कोई फिटनेस सेंटर उपलब्ध नहीं था।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के नियमों के अनुसार, केवल वैध फिटनेस प्रमाणपत्र वाले वाहन ही सड़कों पर संचालित किए जा सकते हैं। ऐसे में फिटनेस सेंटरों की कमी के कारण वाहन स्वामियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और उन्हें फिटनेस जांच के लिए दूर-दराज के केंद्रों पर जाना पड़ता था। अब इस नए केंद्र के शुरू होने से इस समस्या का समाधान संभव हो सकेगा।
यह टेस्टिंग स्टेशन रानिया और सचेंडी जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों के नजदीक स्थित है तथा शहर की भीड़-भाड़ से बाहर होने के कारण वाहन चालकों के लिए अत्यंत सुविधाजनक रहेगा।
स्टेशन के संचालक अभय झा ने बताया that यह केंद्र पूरी तरह से वाहन स्वामियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जा रहा है। यहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और यह सुनिश्चित किया गया है कि वाहनों की फिटनेस जांच में अनावश्यक देरी न हो। इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि सभी वाहनों का निरीक्षण नियमानुसार कम से कम समय में किया जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र पर केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अतिरिक्त कोई अन्य नियम लागू नहीं किए जाएंगे, जिससे वाहन स्वामियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


