उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में लोगों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। युवाओं और स्थानीय लोगों ने अटल चौराहा पर विरोध प्रदर्शन करते हुए मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पुतला फूंका और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि या उनके परिवार के बारे में इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि मौलाना द्वारा की गई टिप्पणी समाज में तनाव पैदा करने वाली है, इसलिए प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर चार दिनों के भीतर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो पूरे शहर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन स्थल पर पुलिस भी मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए गए। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।


