बुग्गावाला (हरिद्वार): बुग्गावाला क्षेत्र के ग्राम बुधवारशाहिद में देर रात एक मगरमच्छ के घर में घुस आने से हड़कंप मच गया, लेकिन वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया।
ग्रामीण मुकेश पाल के घर में यह घटना उस समय हुई जब परिवार के सदस्य अंदर मौजूद थे। रात में आहट सुनकर एक सदस्य के जागने पर मगरमच्छ के घर में घुसने का पता चला, जिससे परिवार में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग ने बिना देरी किए तुरंत टीम को मौके पर रवाना किया। खानपुर वन रेंज के अधिकारी प्रियांशु पांडे के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सूझबूझ और सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया।
वन विभाग खानपुर वन रेंज अधिकारी प्रियांशु पांडे ने बताया कि मगरमच्छ को किसी को नुकसान पहुंचाए बिना सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया है और उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ने की प्रक्रिया जारी है।
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना टल गई और क्षेत्र में फैली दहशत पर भी जल्द काबू पा लिया गया।


