चंपावत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चंपावत स्थित प्रसिद्ध रणकोची माता मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने श्रद्धा भाव से देवी मां के चरणों में नमन करते हुए राज्य की उन्नति, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी मातृशक्ति द्वारा आयोजित भव्य कलश यात्रा में भी शामिल हुए। उन्होंने यात्रा में सम्मिलित महिलाओं से आशीर्वाद प्राप्त किया और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति समाज की आधारशिला है तथा सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण में उनकी भूमिका अतुलनीय है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया और प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण व विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री की इस धार्मिक व सांस्कृतिक सहभागिता से क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।


