जिला खान अधिकारी काज़िम रज़ा की नियमित कार्रवाई से माफ़ियाओं में हड़कंप
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख़्त निर्देशों के अनुपालन में जिला खान अधिकारी मोहम्मद काज़िम रज़ा लगातार अवैध खनन के विरुद्ध सख़्त और प्रभावी कार्रवाई कर रहे हैं। इसी क्रम में भोगपुर क्षेत्र में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफ़ियाओं की गतिविधियों पर करारा प्रहार किया गया।
बीती रात लगभग 12:30 बजे, भोगपुर स्थित वजीर स्टोन क्रेशर परिसर में अवैध खनन की सूचना मिलते ही काज़िम रज़ा ने बिना किसी देरी के टीम के साथ मौके पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में संलिप्त दो पोकलेन मशीनें रंगे हाथ पकड़ी गईं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
यह कार्रवाई कोई पहली नहीं है, बल्कि जिला खान अधिकारी काज़िम रज़ा की नियमित और निरंतर निगरानी व छापेमारी अभियान का हिस्सा है। उनकी ज़ीरो टॉलरेंस नीति और सक्रिय कार्यशैली के चलते जिले भर में अवैध खनन करने वालों में भय का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, विभाग को अवैध खनन से संबंधित वीडियो फुटेज के माध्यम से सटीक जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर यह निर्णायक कदम उठाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से खनन माफ़ियाओं में भारी अफरातफरी देखी गई।
खनन विभाग ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।




