नज़र इंडिया | देहरादून/हल्द्वानी
उत्तराखंड में धाकड़ धामी के नाम से पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि अन्याय, भ्रष्टाचार और आम नागरिक के उत्पीड़न पर सरकार कोई समझौता नहीं करेगी। ऊधम सिंह नगर के किसान सुकवंत सिंह की आत्महत्या के मामले में राज्य सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।
राज्य के गृह सचिव Shailesh Bagoli द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस पूरे प्रकरण की जांच कुमाऊं मंडल आयुक्त Deepak Rawat करेंगे। जांच में वायरल वीडियो में लगाए गए सभी आरोपों, घटनाक्रम और जिम्मेदारों की भूमिका की गहराई से पड़ताल कर जल्द से जल्द स्पष्ट और विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी।
वायरल वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
मृतक किसान सुकवंत सिंह ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने ऊधम सिंह नगर जिले के कुछ प्रॉपर्टी डीलरों और पुलिस अधिकारियों पर उत्पीड़न व अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने ₹4 करोड़ के भूमि विवाद से जुड़े मामले में लगातार दबाव और प्रताड़ना की बात भी कही थी।
हल्द्वानी के होटल में मिली लाश
40 वर्षीय सुकवंत सिंह की मौत रविवार तड़के हल्द्वानी के गौला पार स्थित होटल देवभूमि के कमरे में हुई। वे अपनी पत्नी प्रदीप कौर और 14 वर्षीय बेटे के साथ होटल में ठहरे थे। घटना की सूचना होटल प्रबंधक द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर सुकवंत सिंह को गंभीर हालत में पाया, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परिवार को पहले सौंपे थे दस्तावेज
जांच में यह भी सामने आया है कि सुकवंत सिंह ने आत्महत्या से एक दिन पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज पत्नी को सौंपते हुए कहा था कि उन्हें संबंधित अधिकारियों को दे दिया जाए। उस समय पत्नी को इस भयावह कदम का अंदेशा नहीं था।
धाकड़ धामी की ज़ीरो टॉलरेंस नीति
मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों के बाद यह कार्रवाई साफ संकेत है कि राज्य सरकार किसानों, आम नागरिकों और पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। दोषी चाहे कोई भी हो, जांच निष्पक्ष होगी और सच्चाई सामने लाई जाएगी।
नज़र इंडिया का मानना है कि धाकड़ धामी की यह सख़्त पहल उत्तराखंड में कानून का राज और जनता का भरोसा और मजबूत करेगी।


