परिवहन विभाग द्वारा जब से आरटीओ कार्यालयों से वाहनों की फिटनेस जांच पर रोक लगाई गई है, तब से गढ़वाल क्षेत्र के वाहन स्वामियों में असमंजस और शंका की स्थिति बनी हुई थी। लोगों के मन में यह सवाल था कि अब उनके वाहनों की फिटनेस कैसे होगी और इसके लिए उन्हें कहां जाना पड़ेगा।
इसी बीच गढ़वाल के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। विकासनगर के लांघा रोड स्थित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) और डोईवाला के माजरी ग्रांट, लाल थप्पड़ स्थित एटीएस सेंटर को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। ये दोनों केंद्र अब गढ़वाल क्षेत्र के वाहन स्वामियों के लिए सबसे नज़दीकी, सुविधाजनक और उपयोगी फिटनेस केंद्र साबित होंगे।
एटीएस प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बढ़े हुए वाहनों की फिटनेस जांच के लिए केंद्र पूरी तरह सक्षम हैं।
तीन गुना अधिक वाहनों की फिटनेस की क्षमता
डोईवाला के माजरी ग्रांट, लाल थप्पड़ स्थित एटीएस सेंटर के हेड श्री अर्जुन लाल वर्मा ने बताया कि उनका केंद्र मौजूदा संख्या से तीन गुना अधिक वाहनों की फिटनेस जांच करने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि सभी तकनीकी उपकरण पूरी तरह कार्यशील हैं और स्टाफ की संख्या भी बढ़ाई गई है, ताकि वाहन स्वामियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विकासनगर एटीएस ने भी दिया भरोसा
विकासनगर के लंघा रोड स्थित एटीएस सेंटर के प्रभारी श्री बिक्रम मेहरा ने बताया कि वाहन स्वामियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि फिटनेस प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरी योजना तैयार है, ताकि किसी भी वाहन को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
वाहन स्वामियों को राहत
परिवहन विभाग की नई व्यवस्था के तहत अब वाहनों की फिटनेस जांच आरटीओ कार्यालयों के बजाय ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों पर की जा रही है। ऐसे में विकासनगर और डोईवाला के ये दोनों एटीएस केंद्र गढ़वाल क्षेत्र के वाहन स्वामियों के लिए बड़ी राहत साबित होंगे।
अब वाहन स्वामियों को लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें अपने वाहनों की फिटनेस जांच के लिए नज़दीकी और आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।

