नज़र इंडिया संवाददाता | भवाली (नैनीताल)
वीकेंड के दौरान पुलिस द्वारा शुरू की गई शटल सेवा से भवाली और कैंची धाम क्षेत्र के होटल व रेस्टोरेंट कारोबारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कारोबारियों का कहना है कि पुलिस द्वारा भीमताल और भवाली से सैलानियों के निजी वाहनों को रोककर उन्हें शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जा रहा है, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
भवाली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कपिल ने बताया कि शटल सेवा लागू होने के कारण सैलानी अपने निजी वाहनों से भवाली नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसका सीधा असर होटल, होम-स्टे और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश होटल और होम-स्टे खाली पड़े हुए हैं, जिससे कारोबारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं बना रही है, वहीं दूसरी ओर सैलानियों के वाहनों को रोककर स्थानीय कारोबार को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
होटल कारोबारी संजीव भगत ने भी शटल सेवा को अव्यवहारिक बताते हुए कहा कि इससे होटल, होम-स्टे, रेस्टोरेंट और स्थानीय व्यापारियों का काम लगभग ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि पार्किंग की उचित और वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, तो ट्रैफिक की समस्या भी हल हो सकती है और कारोबार भी प्रभावित नहीं होगा।
कारोबारियों का कहना है कि सैलानियों के वाहनों को जबरन रोकना पर्यटन हित में नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि शटल सेवा व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए और स्थानीय व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकाला जाए, ताकि पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था भी सुरक्षित रह सके।


