अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में जल्द ही एक अत्यंत भव्य और बेशकीमती प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा सोने की चमक से युक्त होगी, जिसमें हीरा, पन्ना सहित कई बहुमूल्य रत्न जड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह प्रतिमा कर्नाटक के एक गुमनाम भक्त द्वारा दान की गई है।
मंगलवार शाम यह प्रतिमा कर्नाटक से अयोध्या लाई गई। जानकारी के अनुसार प्रतिमा की ऊंचाई लगभग 10 फीट तथा चौड़ाई करीब 8 फीट है। इसकी अनुमानित कीमत 25 से 30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्रतिमा का निर्माण दक्षिण भारत की पारंपरिक एवं उत्कृष्ट शिल्पकला के आधार पर किया गया है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि प्रतिमा किस भक्त द्वारा भेजी गई है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ पाई है। वर्तमान में प्रतिमा का वजन कराया जा रहा है, अनुमान है कि इसका वजन करीब 5 क्विंटल हो सकता है। प्रतिमा से जुड़ी पूरी जानकारी जल्द सार्वजनिक की जाएगी।
प्रतिमा को संत तुलसीदास मंदिर के पास स्थित अंगद टीला क्षेत्र में स्थापित किए जाने पर विचार किया जा रहा है। स्थापना से पूर्व प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया जाएगा, जिसके बाद भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होगा। इस अवसर पर देशभर से संत-महंतों और धर्माचार्यों को आमंत्रित किए जाने की योजना है।
रामनगरी अयोध्या में इस भव्य प्रतिमा की स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और उत्सुकता का माहौल है।



