विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की तालिका पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अब तक खेले छह मुकाबलों में सभी जीते हैं। उनके खाते में 72 अंक हैं और अंक प्रतिशत 100 का हो गया। लगातार तीसरा एशेज टेस्ट हारने के बाद इंग्लैंड का हाल भारत से भी बुरा हो गया है। टीम सातवें पायदान पर पहुंच गई है।
पैट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 82 रनों से हराकर 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने तीसरे टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन एडिलेड में इंग्लैंड के आखिरी चार विकेटों में से तीन विकेट झटककर उनकी वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने एशेज ट्रॉफी अपने पास बरकरार रखी। साथ ही, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में भी ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम है। दूसरी ओर, इंग्लैंड की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है।
अंक तालिका का हाल
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की तालिका पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अब तक खेले छह मुकाबलों में सभी जीते हैं। उनके खाते में 72 अंक हैं और अंक प्रतिशत 100 का हो गया। वहीं, दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका है जिन्होंने हाल ही में भारत को दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-2 से हराया था। उनका अंक प्रतिशत 75 है। शीर्ष पांच में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के अलावा श्रीलंका, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की टीमें शामिल हैं।
भारत शीर्ष पांच से बाहर हो चुका है। अब तक खेले नौ मैचों में शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम को सिर्फ चार में जीत मिली है। उनके खाते में 52 अंक हैं और 48.15 का अंक प्रतिशत है। लगातार तीसरा एशेज टेस्ट हारने के बाद इंग्लैंड का हाल भारत से भी बुरा हो गया है। टीम सातवें पायदान पर पहुंच गई है। उनके खाते में 26 अंक हैं और 27.08 का अंक प्रतिशत है। आठवें और नौवें स्थान पर बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की टीमें हैं।

मैच में क्या हुआ?
इंग्लैंड ने 435 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पांचवें दिन सुबह अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 207 रन से आगे बढ़ाई। उसे तब जीत के लिए 228 रन चाहिए थे, जबकि आस्ट्रेलिया को एशेज को बरकरार रखने के लिए चार विकेट की जरूरत थी। इंग्लैंड की टीम हालांकि लंच के बाद 352 रन पर आउट हो गई और इस तरह से उसकी अप्रत्याशित जीत दर्ज करके विश्व रिकार्ड बनाने और एशेज में बने रहने की उम्मीदों पर तुषारापात हो गया। ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ और ब्रिस्बेन में पहले दो टेस्ट मैच आठ विकेट के समान अंतर से जीते थे। इन दोनों मैच में स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी की थी और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। उन्होंने तीसरे टेस्ट मैच में फिर से ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। चौथा टेस्ट मैच बॉक्सिंग डे (26 दिसंबर) पर मेलबर्न में शुरू होगा।




